अल्मोड़ा: अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र ने आज मंगलवार को जिला आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
किया औचक निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों (रिकॉर्ड) के रखरखाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड कक्ष तथा विभिन्न शाखाओं का मुआयना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की हिदायत दी। बायोमेट्रिक सिस्टम को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में स्थापित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली हर समय क्रियाशील रहनी चाहिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके सही संचालन का समुचित ज्ञान होना अनिवार्य है।
दिए यह निर्देश
रिकॉर्ड कक्ष और कार्यालय के सभी अभिलेखों को इस तरह व्यवस्थित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कोई भी दस्तावेज़ बिना किसी देरी के उपलब्ध हो सके। कार्यालय के सभी कक्षों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखते हुए एक स्वच्छ और अनुशासित कार्य वातावरण तैयार किया जाए। अधिकारियों और कर्मचारियों के क्षेत्रीय भ्रमण (फील्ड विजिट) का पूरा विवरण रखने के लिए कार्यालय में तत्काल ‘भ्रमण पंजिका’ तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसमें प्रत्येक फील्ड विजिट का नियमित विवरण दर्ज किया जाएगा ताकि क्षेत्रीय गतिविधियों का पारदर्शी रिकॉर्ड बना रहे।