अल्मोड़ा: जागेश्वर के बाद अब कसारदेवी में सड़क के चौड़ीकरण के लिए पेड़ों को‌ काटने की तैयारी, लगे लाल निशान

अल्मोड़ा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में देश दुनिया से श्रद्धालु दर्शन को‌ पंहुचते है। मंदिर के साथ यहां के दारूक वनों का भी लंबा इतिहास रहा है। ऐसे में मास्टर प्लान के तहत हो रहे सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 1000 देवदार के पेड़ों को काटने की बात सामने आ रहीं हैं। हाल फिलहाल इस पर रोक लगी है। इसका विरोध अभी शांत नहीं हुआ कि अब कसारदेवी में सड़क चौड़ीकरण के लिए पेड़ों को काटने की तैयारी है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए देवदार के विशालकाय हरे पेड़ों पर चलेगी आरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सामने आई जानकारी के अनुसार मानसखंड मंदिर मिशन माला के तहत कसारदेवी को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण के लिए पेड़ों को काटने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां भी देवदार के हरे पेड़ों पर लाल निशान लग गए हैं। हालांकि कितने पेड़ चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

पेड़ों का किया जा रहा सर्वे

इस संबंध में सुनील कुमार, ईई, लोनिवि, प्रांतीय खंड, अल्मोड़ा ने बताया है कि कसारदेवी सड़क का चौड़ीकरण होना है। फिलहाल चौड़ीकरण की जद में आने वाले पेड़ों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के बाद ही कितने पेड़ इसकी जद में आएंगे, यह स्पष्ट होगा।