अल्मोड़ा: संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब को किया गया नमन, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

​अल्मोड़ा: संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को चौघानपाटा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

दी श्रद्धांजलि

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व व कृतित्व को याद करते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलख्वाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने समाज के वंचित, आआशोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार व सम्मान दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। भारतीय संविधान के जरिए उन्होंने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्यायपूर्ण समाज की मजबूत नींव दी। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना और इसके आदर्शों को जीवन में उतारना हर भारतीय का कर्तव्य है।

​अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का बोध कराता है संविधान: विनीत बिष्ट

​भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता व अखंडता का मुख्य आधार है। बाबा साहेब ने देश को ऐसी व्यवस्था दी, जिसमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि हमें अपने मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विष्ट ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचारों और सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

​रहे मौजूद

​इस अवसर पर जिला महामंत्री दर्शन रावत, प्रदेश पदाधिकारी कैलाश गुरुरानी, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, कविता साह, ममता साह, संदीप श्रीवास्तव, पार्षद जगमोहन बिष्ट, धर्मवीर आर्य, रमेश लाल, जिला सहसंयोजक आईटी पारस काण्डपाल, मदन बिष्ट, मनोज तिवारी, नमन गुरुरानी, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष नीरज सांगा और जिला पंचायत सदस्य आनंद कनवाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।