अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) अल्मोड़ा, अनामिका सिंह के निर्देशानुसार रविवार को “विश्व रक्तदाता दिवस” के अवसर पर जिला अस्पताल अल्मोड़ा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
किया रक्तदान
इस मौके पर प्राधिकरण के अधिकार मित्रों ने न केवल रक्तदान किया, बल्कि अस्पताल में उपस्थित लोगों को इस जीवन रक्षक कार्य के प्रति जागरूक भी किया। ‘रक्तदान-जीवन दान’ के संकल्प को सार्थक करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की फ्रंट ऑफिस अधिकार मित्र विनीता आर्या के साथ ही असीम ढाली, देवेश चंद्र भट्ट, शंकर सिंह, विकास कुमार, मोहिनी जोशी, दीप जोशी और हेम चंद्र तिवारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया।
नियमित रक्तदान के महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आम जनता को संबोधित करते हुए अधिकार मित्रों ने सुरक्षित रक्त की आवश्यकता और इसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाताओं का योगदान अमूल्य है, जो कई जिंदगियों को बचाने में सहायक होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में और नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए आगे आएं, ताकि अस्पतालों में रक्त की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
नालसा हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
इस अवसर पर सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ कानूनी जागरूकता का भी प्रसार किया गया। उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और इससे संबंधित पंफ्लेट भी वितरित किए गए, ताकि जरूरतमंद लोग मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिकार मित्र भावना तिवारी, नीमा बिनवाल, संदीप सिंह नयाल और दया आर्या ने भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और सराहनीय योगदान दिया।