अल्मोड़ा: राजौरी में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के पांडेखोला आवास पहुंचे सीएम धामी, याद किया वीर का शौर्य

अल्मोड़ा: जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सैन्य अभियान के दौरान बीते दिनों वीरगति को प्राप्त 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के अल्मोड़ा स्थित पांडेखोला आवास पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे।

सीएम ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना

मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा परिवार को इस मुश्किल घड़ी में एकजुट होकर इस कठिन समय का सामना करने की हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में दिया गया लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार शोक संतृप्त परिवार के साथ खड़ी है।

राजकीय सम्मान के साथ दी थी अंतिम विदाई

ज्ञात हो कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह जनपद अल्मोड़ा में अंतिम विदाई दी गई थी।

रहें उपस्थित

इस दौरान मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, जनप्रतिनिधि और पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।