अल्मोड़ा: डस्टबिन वितरण में उपेक्षा पर झिझाड़ व पांडेखोला के पार्षदों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, की यह मांग

अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के झिझाड़ और पांडेखोला वार्ड में डस्टबिन का वितरण न होने से नाराज पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

सौंपा ज्ञापन

जिस पर लगातार हो रही उपेक्षा से आक्रोषित पार्षदों ने आज बुधवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और दोनों वार्डों में जल्द से जल्द डस्टबिन बांटने की मांग की। नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में झिझाड़ वार्ड के पार्षद अमित साह ‘मोनू’ और पांडेखोला वार्ड की पार्षद ज्योति साह ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा शहर के अन्य सभी वार्डों में तो डस्टबिन का वितरण किया जा रहा है, लेकिन उनके वार्डों को इस योजना से जानबूझकर वंचित रखा गया है। पार्षदों ने कहा कि निगम की इस भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण दोनों वार्डों के निवासियों में भारी असंतोष पनप रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह बेहद जरूरी है कि बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से डस्टबिन वितरित किए जाएं।
​उठाए यह सवाल

​ज्ञापन में पार्षदों ने डस्टबिन वितरण की पूरी प्रक्रिया और व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि डस्टबिन बांटने का काम पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) से कराया जा रहा है, जिससे उन पर अपने नियमित सफाई कार्यों के अलावा अतिरिक्त जिम्मेदारी का अनावश्यक बोझ पड़ रहा है।
​पार्षदों ने तर्क दिया कि डस्टबिन वितरण का टेंडर जिस संबंधित व्यक्ति या एजेंसी को दिया गया है, वितरण की जिम्मेदारी भी उसी की होनी चाहिए। एजेंसी के माध्यम से वितरण कराने से कार्य व्यवस्थित ढंग से होगा और पर्यावरण मित्रों पर भी अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।

आंदोलन की चेतावनी

पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि झिझाड़ और पांडेखोला वार्ड की अनदेखी तुरंत बंद कर डस्टबिन वितरण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।