अल्मोड़ा: दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई के पांच नमूने जांच के लिए भेजे

अल्मोड़ा: दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई के पांच नमूने जांच के लिए भेजे

​अल्मोड़ा: दीपावली के पावन पर्व पर आम जनता को मिलावटमुक्त और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर है।

विभाग अलर्ट मोड पर

जानकारी के अनुसार खाद्य आयुक्त, उत्तराखण्ड और जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में विभाग की टीम ने मासी, चौखुटिया और द्वाराहाट बाजार के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य रूप से मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

​मिठाइयों पर निर्माण और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य

निरीक्षण के दौरान टीम ने कड़े निर्देश दिए कि प्रतिष्ठानों में बिकने वाली सभी मिठाइयों पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। इसके अलावा, मिठाइयों के निर्माण में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की मिलावटी या दूषित सामग्री का उपयोग न करने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों से कुल पाँच मिठाइयों के नमूने (सैंपल) संग्रहित किए। इनमें बाल मिठाई, लड्डू, पेठा और सोनपापड़ी शामिल हैं। सभी नमूनों को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रहें शामिल

इस छापामारी और निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, अभिहित अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा और ईश्वर सिंह नेगी की टीम प्रमुख रूप से शामिल रही।

​