अल्मोड़ा: खोल्टा के खतरनाक मोड़ पर लगा क्रश बैरियर, हादसों पर लगेगी लगाम, स्थानीय लोगों ने जताई राहत

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के खोल्टा क्षेत्र में एक खतरनाक तीखे मोड़ पर लंबे समय से चले आ रहे दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए आखिरकार क्रश बैरियर लगा दिया गया है।

क्रश बैरियर स्थापित

खोल्टा के इस तीखे मोड़ पर सुरक्षा दीवार या क्रश बैरियर न होने के कारण लगातार हादसे हो रहे थे, जिससे वाहन चालकों, राहगीरों और सड़क किनारे घूमने वाले गौवंश के खाई में गिरने का खतरा बना रहता था। स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। पार्षद द्वारा मामला संज्ञान में लाए जाने के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बिना देरी किए संबंधित विभाग को मौके पर सुरक्षा इंतजाम करने और क्रश बैरियर लगाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां बैरियर स्थापित कर दिया।

जताया आभार

वहीं क्रश बैरियर लगने से अब इस मार्ग पर विशेषकर रात और बरसात के समय आवागमन सुरक्षित हो गया है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस तत्परता के लिए जिलाधिकारी तथा पार्षद का आभार जताया है और नगर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी ऐसे सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।