अल्मोड़ा: तहसील अल्मोड़ा के अंतर्गत ग्राम भानारगूंठ में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र की देखरेख में मंडुवा की फसल की क्रॉप कटिंग (कटाई) का प्रयोगात्मक कार्य संपन्न हुआ।
किया प्रोत्साहित
इस दौरान एडीएम ने स्वयं भी खेत में उतरकर मंडुवा की फसल काटी और स्थानीय किसानों को खेती के प्रति प्रोत्साहित किया।
राजस्व और कृषि सांख्यिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस प्रयोग में 5×6 (30 वर्ग मीटर) के दो प्रयोगात्मक प्लॉट बनाए गए थे। जिसमें प्रथम प्लॉट में मढ़ाई के बाद 3.80 किलोग्राम मंडुवा प्राप्त हुआ। द्वितीय प्लॉट में मढ़ाई के बाद 2.35 किलोग्राम मंडुवा दर्ज किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने किसानों द्वारा उगाई जा रही फसलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिकी मजबूत करने के लिए सरकार गुणवत्तायुक्त बीज व उचित प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे संबंधित विभागों द्वारा चलाए जा रहे कृषि कार्यक्रमों और जैविक खेती का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जानेंक्यों जरूरी है क्रॉप कटिंग?
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग कुल खाद्यान्न उत्पादन का सटीक अनुमान लगाने, उत्पादकता दर तय करने और ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ के तहत बीमा दावों के निपटारे में किया जाता है। इसके अलावा ये आंकड़े सरकार को किसानों के हित में नीतियां और योजनाएं बनाने में मदद करते हैं।
रहें मौजूद
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, सहायक भूमि सुधार अधिकारी वासु लाल सहित कृषि व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।