अल्मोड़ा: नमामि गंगे और ‘आओ हम सब योग करें’ अभियान का 14वां दिन, देशभर से हजारों लोग ले रहे निःशुल्क योग का लाभ

अल्मोड़ा: राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन (नमामि गंगे) उत्तराखण्ड तथा योग विज्ञान विभाग, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “आओ हम सब योग करें” अभियान का 14वाँ दिन उत्साह, ऊर्जा एवं जनसहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ।

योग का बताया महत्व

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वास्थ्य, ज्ञान व विश्व शांति के लिए योग” के अंतर्गत संचालित इस अभियान के माध्यम से आज उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क योग शिविरों का सफल संचालन किया गया। योग प्रशिक्षु गाँव-गाँव, मोहल्लों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग का संदेश पहुँचाकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन चंद भट्ट ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि “आओ हम सब योग करें” अभियान आज एक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है, जिसके माध्यम से योग का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि नमामि गंगे और योग दोनों भारतीय संस्कृति की जीवनदायिनी धरोहर हैं। गंगा जहाँ बाह्य शुद्धता का संदेश देती है, वहीं योग आंतरिक शुद्धता एवं आत्मिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है।

शिविर का आयोजन

अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, लोहाघाट, बराकोट, धौलादेवी, खत्याड़ी, धारानौला, कर्नाटक खोला, दुगालखोला, श्यालीधार, विवेकानंद पुरी, नंदा देवी क्षेत्र एवं उत्तराखण्ड के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ मुरादाबाद, फतेहगढ़, औरैया एवं लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तथा दिल्ली कैंट एवं कबूल लाइन (दिल्ली) में भी नियमित रूप से निःशुल्क योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं। शिविरों में प्रतिभागियों को आसन, प्राणायाम, मुद्रा, बंध, ध्यान एवं भक्ति योग का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रतिभागियों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से कमर दर्द, गर्दन दर्द, सिरदर्द, तनाव एवं अनिद्रा जैसी समस्याओं में लाभ प्राप्त हो रहा है तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन अनुभव हो रहे हैं। अभियान के सफल संचालन एवं निरीक्षण हेतु डॉ. नवीन चंद भट्ट, डॉ. लल्लन कुमार सिंह, डॉ. गिरीश अधिकारी तथा शोधार्थी दीपक सिंह एवं रक्षिता पांडे निरंतर विभिन्न योग शिविरों का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 से संचालित “आओ हम सब योग करें” अभियान के माध्यम से आज उत्तराखण्ड की सीमाओं से निकलकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में योग का संदेश पहुँच रहा है। 21 मई से 21 जून तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से हजारों लोग योग, स्वास्थ्य, गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ रहे हैं।