अल्मोड़ा: क्षतिपूरक वृक्षारोपण भूमि की वर्तमान स्थिति, आवश्यकता एवं उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा, दिए जरूरी निर्देश

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में आज विकास भवन में क्षतिपूरक वृक्षारोपण भूमि (C.A. Land) के चिन्हांकन एवं समीक्षा को लेकर आज मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समीक्षा बैठक का आयोजन

इस बैठक में क्षतिपूरक वृक्षारोपण भूमि की वर्तमान स्थिति, आवश्यकता एवं उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद स्तर पर वर्तमान में 62 मोटर मार्गों के सापेक्ष लगभग 441 हेक्टेयर क्षतिपूरक वृक्षारोपण भूमि की आवश्यकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त वन पंचायतों का डाटा संकलन किया जा रहा है तथा तहसील स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नामित किया गया है।

दिए यह निर्देश

बैठक में उपस्थित समस्त उपजिलाधिकारी एवं टीम सदस्यों को निर्देशित किया गया कि मोबाइल में ‘नोटकैम’ एप्लिकेशन डाउनलोड कर संबंधित क्षेत्रों की जियो-टैग फोटो ली जाएं। इसके उपरांत ‘गूगल अर्थ’ एप्लिकेशन के माध्यम से आवश्यक कोऑर्डिनेट्स पिन कर पॉलिगन तैयार किए जाएँगे एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज वन विभाग को उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर जनपद स्तर पर तैनात जीआईएस विशेषज्ञ से संपर्क करने के निर्देश  दिए गए। इसके पश्चात सर्वेयर वन विभाग द्वारा DSS सॉफ्टवेयर एवं वन भूमि के प्रकारों से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही भूमि की उपयुक्तता को लेकर भी आवश्यक बिंदुओं पर अवगत कराया गया। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि उपरोक्त दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध एवं समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।