अल्मोड़ा: अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज के कायाकल्प को डीएम अंशुल सिंह ने दिए निर्देश, खेल मैदान और पुस्तकालय के विकास पर दिया जोर

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय परिसर, खेल मैदान, स्मार्ट क्लास एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दिए यह दिशा-निर्देश

इस दौरान उन्होंने विद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय के स्वामित्व में उपलब्ध समस्त भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए इसे व्यवस्थित एवं विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही दोनों खेल मैदानों के बीच ऊंचाई के अंतर का तकनीकी परीक्षण करने तथा खेल मैदान तक सड़क मार्ग की पहुंच विकसित करने की संभावनाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर के समग्र विकास के लिए एक सुव्यवस्थित मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदान में स्थित पुराने मंच को हटाने तथा खेल गतिविधियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित करने को कहा।

छात्रावास भवन का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर छात्रावास भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कर उसे एक आधुनिक एवं सुविधासंपन्न पुस्तकालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण एवं उपयोगी पुस्तकों की सुविधा मिल सके। इसके अलावा जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित पुराने एवं अनुपयोगी शौचालयों को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

ली यह जानकारी

जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षाओं में उपलब्ध फर्नीचर एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने पिछले भ्रमण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थलीय समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से विद्यालय के विकास संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

रहें उपस्थित

निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षित गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, दशहरा समिति के पदाधिकारी अजीत सिंह कार्की एवं वैभव पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।