अल्मोड़ा: एक्शन मोड में डीएम अंशुल सिंह, दुगालखोला और खगमरा का किया औचक निरीक्षण, जर्जर भवन को गिराने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के दुगालखोला और खगमरा वार्डों का औचक स्थलीय निरीक्षण कर जनसुविधाओं का जायजा लिया।

किया निरीक्षण

इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, सड़कों, नालियों, विद्यालयों और जर्जर इमारतों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला पंचायत के तहत माल गांव से करबला होते हुए दुगालखोला जाने वाले क्षतिग्रस्त मार्ग की त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों की आवाजाही सुगम हो सके। इसके साथ ही, वार्डों में नालियों की समुचित सफाई कराने और कचरा तत्काल प्रभाव से निर्धारित स्थलों पर निस्तारित करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि नालियों से निकला मलबा सड़कों के किनारे बिल्कुल न छोड़ा जाए।

विद्यालय व आंगनबाड़ी में सफाई पर जोर

डीएम ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुगालखोला और आंगनबाड़ी केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने परिसर के आसपास फैली झाड़ियों की कटाई करवाने और बच्चों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवास विकास क्षेत्र में एक अत्यंत जर्जर भवन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने हादसों को रोकने के लिए इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ध्वस्त करने के आदेश जारी किए।

रहें मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा और उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत नगर निगम व जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।