अल्मोड़ा: मतदाता सूची और मतदान केंद्रों के सत्यापन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, दिए यह कड़े निर्देश

​अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज सभी उपजिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी निर्वाचन तैयारियों के मद्देनजर मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, सेक्टरों के सही निर्धारण और मतदाता सूची की शुद्धता की समीक्षा करना था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण (ग्राउंड वेरिफिकेशन) करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, बिजली, शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और आवागमन के लिए सुगम रास्ते जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां सामने आएं, उन्हें समय रहते दूर किया जाए।
​सेक्टर निर्धारण और भौगोलिक परिस्थितियों पर जोर

​सेक्टर निर्धारण की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, केंद्रों की दूरी, पहुंच मार्ग और प्रभावी निगरानी को ध्यान में रखकर ही सेक्टरों का निर्धारण किया जाए, ताकि मतदान के दौरान बेहतर समन्वय और व्यवस्था बनी रहे।‌ मतदाता सूची के सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचियों में प्रविष्टियों की त्रुटियों को नियमानुसार तुरंत सुधारा जाए। साथ ही, जिन पात्र नागरिकों या युवाओं के नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़े हैं, उन्हें प्रेरित कर प्रक्रिया के तहत जोड़ा जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

रहें उपस्थित

​वर्चुअल माध्यम से हुई इस बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र समेत जनपद के सभी उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।