अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद में दवाइयों की बिक्री में पारदर्शिता और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कमर कस ली है।
छापेमारी अभियान
इसी क्रम में आज सोमवार को औषधि निरीक्षक पूजा जोशी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने अल्मोड़ा के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान तीन मेडिकल स्टोरों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण अभियान के दौरान औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस की वैधता की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही दवाओं के स्टॉक रजिस्टर और खरीद-बिक्री से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों का सत्यापन भी किया गया। जांच के दौरान ड्रग विभाग ने स्पष्ट किया कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी में ही होनी चाहिए। इसके अलावा, टीम ने यह भी परखा कि क्या दवाएं किसी पंजीकृत डॉक्टर के वैध पर्चे के आधार पर ही बेची जा रही हैं। प्रतिष्ठानों में सुरक्षा और निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था को भी परखा गया।
7 दिन के भीतर मांगा स्पष्टीकरण
निरीक्षण के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों में कामकाज में कई खामियां और अनियमितताएं पाई गईं। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों को कड़ी चेतावनी देते हुए 07 दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगा यह अभियान
औषधि निरीक्षक ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद में औषधि प्रतिष्ठानों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दवाओं की बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही या निर्धारित मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अल्मोड़ा: ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 मेडिकल स्टोरों में मिलीं अनियमितताएं, थमाया नोटिस