अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के मोहान रेंज के अंतर्गत तड़म ग्राम सभा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां जंगल गए एक बुजुर्ग की वन्यजीव के हमले में जान चली गई।
बुजुर्ग को बनाया था शिकार
वहीं अब विभाग ने मृतक के परिवार को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। उपसंभागीय वनाधिकारी (SDO) काकुल पुंडीर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को तड़म निवासी खीम सिंह (60 वर्ष) दोपहर के समय घास काटने के लिए पास के जंगल में गए थे। इसी दौरान उन पर एक वन्यजीव ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
वन विभाग ने इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। राहत के प्रथम चरण के रूप में विभाग द्वारा 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि पीड़ित परिवार को उपलब्ध करा दी गई है। घटना के बाद से ही मोहान रेंज के प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल है। प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें दिन-रात पेट्रोलिंग कर रही हैं। वन्यजीव की लोकेशन ट्रैक करने के लिए कैमरा ट्रैप और ड्रोन की मदद ली जा रही है। हमलावर वन्यजीव को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे भी लगा दिए गए हैं।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को अकेले जंगल न जाने की सलाह दी जा रही है। जगह-जगह सुरक्षा संबंधी पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं।