अल्मोड़ा: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अल्मोड़ा की मासिक बैठक आज शनिवार (06 जून 2026) को नन्दा देवी मंदिर परिसर स्थित कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में दूर-दराज से आए पूर्व सैनिकों ने भारी संख्या में भाग लिया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं सहित राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष केशव दत्त पाण्डे ने की तथा संचालन नायब सूबेदार सुरेन्द्र लाल टम्टा द्वारा किया गया। सर्वप्रथम अध्यक्ष द्वारा उच्च मुख्यालयों से प्राप्त पत्रों को पढ़कर सुनाया गया, जिसके बाद पूर्व सैनिकों ने सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और सुझाव रखे।
बैठक में प्रमुख रूप से उठाए गए मुख्य बिंदु
• पेंशन और मूल्य वृद्धि पर नाराजगी: सीएसडी कैंटीन/संस्थान द्वारा हर साल की जा रही मूल्य वृद्धि पर सभी पूर्व सैनिकों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
• बंदरों का आतंक: नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों ने कई राहगीरों और स्कूली बच्चों को घायल किया है। पूर्व सैनिकों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
• नालियों की सफाई: वर्षात (मानसून) का मौसम नजदीक होने के कारण नगर में जगह-जगह बंद पड़ी नालियों को तुरंत खोलने और साफ करने की मांग नगर निगम से की गई।
• अग्निवीर योजना का विरोध: पूर्व सैनिकों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘अग्निवीर योजना’ को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए इसे ठीक नहीं माना। परिषद ने मांग की कि इस योजना को तुरंत समाप्त कर पुरानी सैन्य भर्ती व्यवस्था को दोबारा लागू किया जाए।
• बाहरी लोगों का सत्यापन: नगर में लगातार आ रहे बाहरी लोगों (विशेषकर कबाड़ का काम करने वालों) का पुलिस सत्यापन कराने की मांग उठी, क्योंकि इनसे क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है।
• सिटी बस सेवा की मांग: बुजुर्गों और बीमार लोगों की सुविधा के लिए नगर में धारानौला से करबला होते हुए शिखर होटल तक एक सिटी बस चलाने की मांग की गई, जिससे लोगों को बाजार और अस्पताल आने-जाने में आसानी हो सके।
बैठक में रहें उपस्थित
इस बैठक में अध्यक्ष केशव दत्त पाण्डे, संरक्षक पी.जी. गोस्वामी, मोहन जोशी, धना नन्द जोशी (चन्दन), महेन्द्र सिंह मनराल, विनोद गिरी, त्रिलोक सिंह, सुरेन्द्र लाल टम्टा, शेर सिंह नेगी, भगवान सिंह, सुरेश सिंह असवाल, प्रकाश बोरा, रविकमल जोशी, एन. के. बरमो, एस. के. बिष्ट, रघुवीर सिंह, दान सिंह बिष्टोरिया सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहें।