अल्मोड़ा: पूर्व सैनिकों ने उठाई नगर की यह समस्याएं, नई सदस्यता के साथ परिषद की बैठक संपन्न

अल्मोड़ा: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अल्मोड़ा की मासिक बैठक आज मंगलवार को नंदा देवी मंदिर परिसर में आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में पूर्व सैनिकों ने नगर की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने नगर व्यवस्था को लेकर प्रशासन का ध्यान निम्नलिखित बिंदुओं पर आकर्षित किया।
• ​अतिक्रमण पर रोक: लाला बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने और जिला प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण की मांग की गई ताकि आम जनता को आवाजाही में असुविधा न हो।
• ​पेयजल संकट: नगर के कई हिस्सों में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर चिंता जताई गई। नगर पालिका द्वारा बजट की कमी का हवाला दिए जाने पर परिषद ने रोष व्यक्त किया।
• ​ट्रैफिक व्यवस्था: पल्टन बाजार से मिलन चौक तक दोपहिया वाहनों के प्रवेश को पूर्णतः प्रतिबंधित करने का सुझाव दिया गया।
• ​आवारा पशुओं से निजात: नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों, कुत्तों और लावारिस गायों के आतंक से मुक्ति दिलाने हेतु नगर निगम और वन विभाग से उचित कार्यवाही की मांग की गई।
• ​परिवहन सुविधा: चौरानौला से शिखर होटल वाया धारानौला के लिए सीधी बस या टेंपो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।

संगठन का किया विस्तार

​बैठक में संगठन की मजबूती पर भी बल दिया गया। इस दौरान पूर्व सैनिक नायक धनानंद जोशी और सूबेदार आनंद सिंह नयाल ने विधिवत रूप से परिषद की सदस्यता ग्रहण की।

रहें उपस्थित

​बैठक की अध्यक्षता कैप्टन केशव दत्त पांडे ने की और संचालन नायब सूबेदार सुरेंद्र लाल आर्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर पी.सी.जी. गोस्वामी, मोहन चंद्र जोशी, विनोद गिरी, महेंद्र सिंह नयाल, आनंद सिंह गैड़ा, धनानंद जोशी, त्रिलोक सिंह, दिवान सिंह बिष्ट, शिव कमल जोशी, नरेंद्र वर्मा, सुरेश सिंह मवाल, प्रकाश सिंह बोरा, शेर सिंह नेगी सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।