अल्मोड़ा: NMOPS ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार, चंदन भट्ट बने अध्यक्ष और गोकुल दुर्गापाल सचिव, 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव का भी ऐलान

अल्मोड़ा: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मंच (NMOPS) की बैठक आज सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय धौलछीना में आयोजित की गई।

कार्यकारिणी का गठन

राजकीय शिक्षक संघ के कुमाऊँ मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि शंकर गुसांई की अध्यक्षता और रमेश महरा के संचालन में हुई इस बैठक में NMOPS की भैंसियाछाना ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। मंडलीय आय-व्यय निरीक्षक मोहन सिंह बिष्ट की देखरेख में कार्यकारिणी का गठन संपन्न हुआ, जिसमें सर्वसम्मति से चंदन भट्ट को ब्लॉक अध्यक्ष, गोकुल दुर्गापाल को ब्लॉक मंत्री तथा उमेश लोहनी को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा रमेश महरा को ब्लॉक संयोजक, हरीश पांडेय व राजेश पांडेय को उपाध्यक्ष, किरन पाटनी को महिला उपाध्यक्ष, हेमा पांडेय को संगठन मंत्री (महिला), प्रकाश कुमार को संगठन मंत्री (पुरुष), ललित मोहन लोहनी को प्रचार-प्रसार मंत्री, महताब अंसारी को मीडिया प्रभारी, विशन महरा को आय-व्यय निरीक्षक और ऋचा जोशी को महिला विंग की उपाध्यक्ष जिम्मेदारी सौंपी गई।

वरिष्ठ पदाधिकारियों को संरक्षक मंडल में मिली जगह

संगठन को मजबूती देने के लिए गठित संरक्षक मंडल में राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष भारत भूषण जोशी, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोविंद जोशी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष रविंद्र देवड़ी, मंत्री पूरन चंद्र पांडेय और राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री पंकज भट्ट को शामिल किया गया है।

देहरादून कूच की तैयारी

बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आगामी 13 सितंबर 2026 को देहरादून में आयोजित होने वाली ‘पेंशन मार्च/रैली’ और मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने ब्लॉक से अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों से देहरादून पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र में सदस्यता अभियान को जोर-शोर से चलाने का निर्णय लिया गया।

रहे उपस्थित

इस अवसर पर गोविंद जोशी, बिशन महरा, सुनील बिष्ट, रामशरण रावत, योगेंद्र राणा, सुनीता बोरा, पवन मेहरा, अनिल जोशी, डॉ. संजीव शुक्ला और आनंद नेगी सहित विभिन्न विभागों के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।