अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद में नकली और अनियमित दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है।
जारी रहेगा अभियान
इसी क्रम में आज बुधवार को औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) के नेतृत्व में विभाग की टीम ने भतरोंजखान और भिकियासैंण ब्लॉक क्षेत्रों में संचालित औषधि प्रतिष्ठानों (मेडिकल स्टोरों) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर दो मेडिकल स्टोरों में दवाओं की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। औषधि निरीक्षक द्वारा की गई इस औचक छापेमारी से क्षेत्र के दवा व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। टीम ने भतरोंजखान और भिकियासैंण क्षेत्र के कुल 12 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। इस दौरान दवाओं के रख-रखाव, एक्सपायरी डेट, बिलिंग और फार्मासिस्ट की मौजूदगी जैसे कई बिंदुओं पर मानकों को परखा गया।
दो फर्मों पर प्रतिबंध, सभी को 7 दिन का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान औषधि नियमों के अनुपालन में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने सख्त एक्शन लिया। नियमों की अनदेखी करने वाली 02 फर्मों (दुकानों) का औषधियों का क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा, जांच के दायरे में आईं सभी 12 फर्मों को उनकी कमियों और अनियमितताओं के संबंध में 07 दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। संबंधित फर्मों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए ही व्यवसाय करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।