अल्मोड़ा: विकासखंड चौखुटिया क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मारपीट का एक मामला सामने आया है। जिसमें डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानें क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित की तहरीर पर चौखुटिया पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर में गजार जयरामबाखल निवासी हेमंत नेगी ने बताया कि बीते दिनों वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए धुधलिया बिष्ट गांव गया हुआ था। शादी में जश्न का माहौल था और वह अन्य मेहमानों के साथ डीजे पर डांस कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद गगन अधिकारी, करन मेहरा और पियूष रावत नाम के युवकों ने उसके साथ बेवजह विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस मारपीट में हेमंत को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। शादी में मौजूद कुछ अन्य अतिथियों ने बीच-बचाव कर बमुश्किल हेमंत को बचाया। इसके बाद तीनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच शुरू
मामले की पुष्टि करते हुए स्थानीय पुलिस ने बताया कि पीड़ित हेमंत नेगी की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों (गगन अधिकारी, करन मेहरा और पियूष रावत) के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।