अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा के एसएसपी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशानुसार, अग्नि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए फायर स्टेशन रानीखेत ने सक्रियता बढ़ा दी है।
किया औचक निरीक्षण
इसी क्रम में, 28 जून 2026 को लीडिंग फायरमैन नरेश जोशी के नेतृत्व में फायर विभाग की टीम ने रानीखेत क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने ‘शशि प्रेरणा होम स्टे’, ‘नेगी रेस्टोरेंट’ और ‘राणा रेस्टोरेंट’ में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की। संस्थानों में लगे अग्निशमन यंत्रों की कार्यक्षमता की जांच की गई। शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए विद्युत व्यवस्था का परीक्षण किया गया। आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के लिए सुरक्षित निकासी मार्गों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जांच के दौरान जहां खामियां पाई गईं, वहां विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित संचालकों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से रेस्टोरेंट संचालकों को अनिवार्य रूप से अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के सख्त आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।