अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा में बतौर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरबन्स सिंह के स्थानांतरण पर अल्मोड़ा पुलिस परिवार द्वारा एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
दी भावभीनी विदाई
जनपद नैनीताल में नवीन तैनाती मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के सहित जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें अग्रिम दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एएसपी हरबन्स सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में कानून व्यवस्था और जनसेवा की दिशा में मिसाल कायम की है। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी महोदय ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की।
22 माह का रहा सफल कार्यकाल
हरबन्स सिंह ने 06 दिसंबर 2024 से 30 सितंबर 2026 तक अल्मोड़ा में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अपने लगभग 22 महीने के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार, साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता अभियानों और नशा मुक्ति अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही, आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए भी उन्हें सराहा गया।
रहे मौजूद
इस विदाई समारोह के दौरान अल्मोड़ा पुलिस परिवार ने उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, सीओ दूरसंचार राजीव टम्टा, सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रमेश चंद्र, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली योगेश चन्द्र उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना जानकी भण्डारी, प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह, निरीक्षक एलआईयू मनोज भारद्वाज, पुलिस कार्यालय से निरीक्षक देवेन्द्र सिंह नेगी तथा निरीक्षक दूरसंचार उमाशंकर पाण्डे समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।