अल्मोड़ा: उत्तराखंड की धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जनपद के ऐतिहासिक मल्ला महल में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया और सरकार की उपलब्धियों को सराहा।
सीएम का संबोधन: सुशासन और विकास की नई कार्य संस्कृति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का लाइव प्रसारण रहा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य में सुशासन की एक नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून और सशक्त भू-कानून जैसे कड़े निर्णयों को राज्य के हित में ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने साझा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था (GSDP) और प्रति व्यक्ति आय में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, जिससे उत्तराखंड तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
मेयर और जन-प्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां
मुख्य अतिथि एवं नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने कहा कि धामी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन का मॉडल पेश किया है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान और पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने भी सरकार के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनता को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रमों की धूम
स्वयं सहायता समूहों को 22.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। वहीं कार्यक्रम स्थल पर लगा ‘धुरंधर धामी’ सेल्फी प्वाइंट युवाओं और महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ लोगों ने उत्साह के साथ फोटो खिंचवाए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से लोगों को मौके पर ही सेवाएं दी गईं। चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कुमाऊंनी लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की छटा बिखेरी।
सूचना विभाग ने बांटी प्रचार सामग्री
जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में सूचना विभाग द्वारा सरकार की नीतियों और चार साल की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। लोगों ने इन पुस्तिकाओं के माध्यम से भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
रहें उपस्थित
कार्यक्रम का समापन गौरवपूर्ण राष्ट्रगान और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।