अल्मोड़ा: 18वां राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन आज यहां शिखर सभागार में शुरू हो गया। इस दो दिनी सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तराखंड भाषा संस्थान के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने किया।
सम्मेलन का आयोजन
उन्होंने कहा कि मानकों के अनुरूप साहित्य सृजन जरूरी है। वहीं उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता प्रो. केसी जोशी ने कुमाउंनी भाषा की प्राचीनता व साहित्य पर विस्तृत जानकारी दी। पहले दिन वक्ताओं ने कुमाउंनी को आठवीं अनुसूचि में शामिल करने और इसे रोजगार से जोड़ने पर खासा जोर दिया। सभी वक्ताओं ने कहा कि अपनी पहचान, संस्कृति, समाज व भाषा को बचाने के लिए एकजुट प्रयास हों। इससे पहले मुख्य अतिथि समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। सूचना विभाग एवं संस्कृति विभाग की ओर से जै नंदा लोक कला केंद्र की टीम ने चंदन बोरा एवं विमला बोरा के नेतृत्व में संस्कार गीत, वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया। वहीं छोलिया नृतक दल ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को कुमाउंनी रंग में रंगा। अतिथियों को बैच अलंकरण कर स्वागत किया गया। सर्वप्रथम मुख्य वक्ता प्रो. केसी जोशी ने उद्घाटन सत्र के ‘कुमाउंनी भाषा की प्राचीनता, साहित्य, कुमाउंनी को आठवीं अनुसूचि में शामिल करना’ विषय पर विस्तृत बात रखी। उन्होंने कहा कि कुमाउंनी काफी पुरानी भाषा है, जो चंद व कत्यूर शासकों के जमाने से प्रचलन में रही है। ऐसे उल्लेख कई ताम्रपत्रों, शिलालेखों व भोजपत्रों में मिले हैं। उन्होंने कहा कि 989 ईसवीं के तामपत्र में भी उल्लेख मिला है और कुमाउंनी के पहले गद्य लेखक राम चंद्र त्रिपाठी रहे हैं, जिन्होंने 1728 ईसवीं में चाणक्य नीति का कुमाउंनी में अनुवाद किया था। इसके बाद गुमानी पंत जैसे विद्धानों ने कुमाउंनी साहित्य को सींचकर आगे बढ़ाया। प्रो. जोशी ने कहा कि विविध विधाओं में वर्तमान में कुमाउंनी भाषा में अथाह साहित्य मौजूद है और रचनाधर्मी व साहित्यकार लगातार इसे आगे बढ़ाने में जुटे हैं। मगर हर बार मांग उठने के बाद भी कुमाउंनी को आठवीं अनुसूचि में शामिल नहीं किया गया। इसके लिए एकजुट प्रयासों की जरूरत है। मुख्य वक्ता ने कहा कि हमें अपनी पहचान, संस्कृति, समाज व भाषा को बचाए रखना होगा। उन्होंने 8वीं अनुसूचि में शामिल करने के लिए जरूरी बिंदुओं की तरफ भी ध्यान खींचा। उन्होंने इसे रोजगार से जोड़ने पर बल दिया।
किया सम्मानित
मुख्य अतिथि उत्तराखंड भाषा संस्थान के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि साहित्य की हर विधा के मानक हैं और इन्हीं मानकों के अनुरूप साहित्य सृजन होना जरूरी है। उन्होंने साहित्य/लेखन के क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार की सम्मान व पुरस्कार योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि 22 प्रकार के पुरस्कार हैं। जिन पर सालभर में 60 लाख का खर्चा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। यह भी कहा कि इन योजनाओं के तहत आने वाले प्रस्तावों/आवेदनों पर उत्तराखंड भाषा संस्थान में गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सवाल सिर्फ भाषा और साहित्य का ही नहीं है, बल्कि संस्कृति का भी है, क्योंकि हमारी संस्कृति ही साहित्य में बसती है। विशिष्ट अतिथि नेहरू युवा केंद्र संगठन के पूर्व निदेशक दयानंद आर्य ने कुमाउंनी को 8वीं अनुसूचि में शामिल करने पर जोर दिया। वहीं पंतनगर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बीएस बिष्ट ने कहा कि कुमाउंनी हमारी पहचान है। इसलिए इसके प्रति हमें गंभीर रहना होगा। वृक्षमित्र किशन मलाड़ा ने कहा कि कुमाउं की धरती पर पर्यावरण को संरक्षित करते हुए हमें अपनी संस्कृति को बचाए रखना होगा। साहित्यकार नारायण सिंह लोधियाल ने भी कुमाउंनी भाषा के संरक्षण पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रधानाचार्य देव सिंह पिलख्वाल ने कहा कि कुमाउंनी के विकास के लिए युवा वर्ग को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। छिपी प्रतिभाओं को आगे लाना होगा, उन्हें लेखन प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाए। उन्होंने वर्तमान में प्रेरणादायक व ज्ञानवर्धक साहित्य की जरूरत बताई। सम्मेलन में नगर निगम के महापौर अजय वर्मा भी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने आनंद सिंह बिष्ट ‘आनंद’ की किताब ‘हरी सागक रूजगार’ का विमोचन किया और पुरस्कार योजनाओं के तहत कई लोगों को सम्मानित किया गया।
रहें मौजूद
दूसरे व तीसरे सत्रों में कुमाउंनी साहित्य की विकास यात्रा तथा दशा व दिशा और कुमाउंनी लोक साहित्य, संगीत, कला, लोक वाद्य, रंगमंच, सिनेमा, सोशल मीडिया उपयोग आदि पर चर्चा हुई। सम्मेलन में कुमाउंनी साहित्य की प्रदर्शनी भी लगी है। इस दो दिनी सम्मेलन में दिल्ली, रूद्रपुर, पंतनगर, लखनउ, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर व अल्मोड़ा जिलों से बड़ी संख्या में कुमाउंनी भाषा प्रेमी, साहित्यकार पहुंचे हैं। संचालन कुमाउंनी भाषा न्यास के सचिव एवं कुमाउंनी मासिक पत्रिका पहरू के संपादक डा. हयात सिंह रावत ने किया। सम्मेलन को सफल बनाने में विनय किरौला, हयात सिंह बिष्ट, आनंद सिंह बिष्ट, देवेंद्र फर्त्याल, एएस सौतियाल, महेंद्र ठकुराठी, पूर्व पैरामिलट्री संगठन के कुमाउं अध्यक्ष एमएस नेगी आदि कई लोग जुटे हैं।
90 वर्षीय साहित्यकार भी सम्मेलन में पहुंचे
सम्मेलन में बैजनाथ निवासी 90 वर्षीय वयोवृद्ध साहित्यकार गोपाल दत्त भट्ट भी पहुंचे और उन्होंने इतनी उम्र में भी जोशीले अंदाज में संबोधन किया। उन्होंने कहा कि कुमाउंनी को रोजगार से जोड़ना जरूरी है, ताकि इसे मजबूती व सम्मान मिल सके। इसे प्राइमरी से पढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दलों के चुनावी घोषणा पत्र में यह घोषणा होनी चाहिए कि कुमाउंनी को 8वीं अनुसूचि का दर्जा दिलाया जाएगा और पाठ्यक्रम में शामिल करवाया जाएगा। उन्होंने साहित्यकारों का आह्वान भी किया कि वे आज के संदर्भ व आज की जरूरत पर साहित्य लिखें।