अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में नगर निगम क्षेत्र के आवास विकास वार्ड में सोमवार सुबह घोड़े का शव मिला। जिसे गुलदार ने निवाला बनाया था। नगर निगम सीमा के भीतर गुलदार द्वारा किसी घोड़े के शिकार का यह पहला मामला है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गुलदार का आतंक
जानकारी के अनुसार इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद विजय भट्ट (गुड्डू भट्ट) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पार्षद की पहल पर नगर निगम की टीम को बुलाकर घोड़े के शव का निस्तारण कराया गया।
लोगों में दहशत
वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि गुलदार पिछले 10 दिनों से आवासीय क्षेत्र के आसपास लगातार देखा जा रहा था। सीसीटीवी कैमरे में भी गुलदार की चहलकदमी कैद हुई है। मीडिया के माध्यम से भी इस खतरे की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था, लेकिन वन विभाग की ओर से समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों का कहना है कि अब तक गुलदार मुख्य रूप से कुत्तों और गायों को अपना निवाला बना रहा था, लेकिन अब उसने बड़े मवेशियों पर हमला करना शुरू कर दिया है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है।
इंसानी जान पर भी खतरे का डर
आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की बेखौफ चहलकदमी से स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं। खासकर सुबह और शाम के समय लोग अपने घरों से निकलने में कतरा रहे हैं। निवासियों ने आशंका जताई है कि यदि गुलदार को जल्द पकड़ा नहीं गया, तो भविष्य में वह इंसानों को भी निशाना बना सकता है। जिस पर क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम तुरंत 24 घंटे की गश्त शुरू करे। गुलदार की मूवमेंट ट्रैक करने के लिए तत्काल कैमरा ट्रैप लगाए जाएं और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित किया जाए। स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाए।