अल्मोड़ा: चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की कार्यवाही
इसी क्रम में दिनांक 17.07.2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा के नेतृत्व तथा चौकी प्रभारी धारानौला उपनिरीक्षक आनन्द बल्लभ कश्मीरा मय पुलिस टीम द्वारा आदतन अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर अजीम अंसारी पुत्र सफीक अंसारी, निवासी मल्ला दनिया, राजपुरा, कोतवाली अल्मोड़ा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। अजीम अंसारी के आपराधिक इतिहास एवं लगातार संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसके विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 2/3 के अंतर्गत विस्तृत आख्या जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा को प्रेषित की गई थी। जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा द्वारा अभियुक्त को 06 माह के लिए जनपद अल्मोड़ा की सीमा से जिला बदर किए जाने के आदेश जारी किए गए।
की जाएगी कार्यवाही
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस द्वारा नियमानुसार अभियुक्त के मोहल्ले में मुनादी कराई गई तथा उसे क्वारब जनपद अल्मोड़ा की सीमा से बाहर जनपद नैनीताल की सीमा तक छोड़ते हुए जिला बदर की कार्रवाई पूर्ण की गई। पुलिस द्वारा अभियुक्त को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि अगले 06 माह तक वह जनपद अल्मोड़ा की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि निर्धारित अवधि के दौरान वह जनपद की सीमा के भीतर पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी कर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।