अल्मोड़ा: पुरानी रंजिश का खौफनाक अंत: करीबी ही निकला हत्यारा, युवक की गला रेतकर हत्या, माँ और दादी पर भी जानलेवा हमला
अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा के कोतवाली रानीखेत क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक अत्यंत जघन्य अपराध हुआ। यहाँ एक युवक ने रंजिश के चलते एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी और बचाव करने आई दो महिलाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानें क्या है मामला
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना कल यानी 10 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे की है। ऐना गाँव निवासी अशोक ने पुलिस को बताया कि वह अपने कमरे में था, तभी उसे ऊपर के कमरे से चीखने-पुकारने की आवाजें सुनाई दीं। जैसे ही अशोक बाहर निकला, उसने जगत सिंह बौरा (पुत्र पान सिंह बौरा, निवासी ग्राम ऐना) को हाथ में चाकू लिए नीचे की ओर भागते हुए देखा। अशोक अपनी माता जानकी देवी की चीख सुनकर जब ऊपर पहुँचा, तो देखा कि उनकी माता लहूलुहान हालत में दरवाजे के पास पड़ी थीं। घायल जानकी देवी ने अशोक को बताया कि जगत सिंह बोरा ने उनके भतीजे सागर की गला रेतकर और सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी है। जब उन्होंने और अशोक की दादी शोभा देवी ने सागर को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। अशोक ने कमरे के भीतर जाकर देखा तो सागर मृत अवस्था में पड़ा था। उसका गला कटा हुआ था और सीने पर चाकू के चार गहरे निशान थे। कमरे में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। इसके अलावा, पास के ही दूसरे कमरे में दादी शोभा देवी भी अचेत अवस्था में खून से लथपथ मिलीं, उनका भी गला रेता गया था।
पुरानी रंजिश का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जगत सिंह बोरा के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। महिला कांस्टेबल पुष्पा राणा ने पुष्टि की है कि मामला सीसीटीएनएस (CCTNS) सॉफ्टवेयर पर दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।