अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के तत्वावधान में जिला जजी परिसर अल्मोड़ा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
किया ध्वजारोहण
जिसमें उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए सभी नागरिकों को अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
किया पौधारोपण
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशों द्वारा न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ‘अधिकार मित्रों’ ने देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव अनामिका सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद याकूब, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आफिया मतीन, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्रीमती उड़ीशा, न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल बिष्ट सहित तमाम अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।