अल्मोड़ा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वाधान में डाइट अल्मोड़ा के आनंदम सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण बूट कैंप का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों—हार्टफुलनेस संस्था के गोपाल सिंह गैड़ा (पूर्व प्राचार्य), पतंजलि किसान सेवा समिति के राज्य प्रभारी जसौद सिंह बिष्ट (पूर्व रेंज अधिकारी) और जिला युवा अधिकारी कमल त्रिपाठी—द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस बूट कैंप में अल्मोड़ा जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 35 युवा भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में युवाओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, ‘विजन 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए युवाओं में कुशल नेतृत्व विकसित करने हेतु विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें शामिल हैं –
• कम्युनिकेशन स्किल्स (संवाद कौशल)
• योग एवं मेडिटेशन
• करियर गाइडेंस
• पर्सनैलिटी डेवलपमेंट (व्यक्तित्व विकास)
• यूथ पार्लियामेंट सेशन (युवा संसद)
वक्ताओं के विचार
जिस पर कमल त्रिपाठी (जिला युवा अधिकारी) ने कहा कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए ऐसे नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसमें योग और ध्यान के माध्यम से युवाओं को संवारने का प्रयास किया जा रहा है। जसौद सिंह बिष्ट (प्रदेश प्रभारी, पतंजलि किसान संगठन) ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में संयमित और अनुशासित जीवन जीने के लिए योग की विशेष आवश्यकता है। गोपाल सिंह गैड़ा (हार्टफुलनेस संस्था) ने कहा कि युवाओं में कुशल नेतृत्व क्षमताओं को निखारने के लिए शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ भावनात्मक संतुलन भी जरूरी है, जो मेडिटेशन से संभव है।
विशेषज्ञ प्रशिक्षक एवं आयोजक
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में जसौद सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह गैड़ा, डॉ. दीपा जलाल, डॉ. रमेश सिंह रावत, महेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. कामाक्षा मिश्रा तथा प्रकाश चंद्र आर्य युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी कमल त्रिपाठी ने की तथा मंच संचालन फरमूद अख्तर द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवक कमल तमता, राहुल जोशी, संदीप नयाल, कमलेश भट्ट सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।