अल्मोड़ा: ऐतिहासिक मल्ला महल में आयोजित सात दिवसीय ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ के चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
कार्यक्रमों की धूम
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC) प्रयागराज और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्यों का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस
महोत्सव के चौथे दिन असम, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के कलाकारों ने अपनी-अपनी पारंपरिक लोककलाओं और नृत्यों की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं। वहीं, उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रतिभा से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
विकास भारद्वाज की गायकी का जादू
महोत्सव की मुख्य आकर्षण रही ‘स्टार नाइट’, जिसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक विकास भारद्वाज ने अपनी सुरीली गायकी से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर संगीत के उत्साह से सराबोर हो उठा और उपस्थित जनता ने उनका जोरदार उत्साहवर्धन किया।
रहें मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अति विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, राज्यमंत्री गोविन्द पिलख्वाल, राज्यमंत्री कुन्दन लटवाल तथा हवालबाग की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती हिमानी कुंडू उपस्थित रहे। इसके अलावा, एडवोकेट आजाद खान, दीप्ति सोनकर, जगदीश चौहान, जगदीश नगरकोटी, विपिन भट्ट, अरुण वर्मा, भरतभूषण कुंडू, कैलाश गुरुरानी, संजय जोशी के साथ-साथ प्रसिद्ध यूट्यूबर रीत मेहता और कंटेंट क्रिएटर गौरव थापा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लोकआस्था और सांस्कृतिक धरोहर का संगम
आयोजकों ने बताया कि जय गोल्ज्यू महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकआस्था, परंपराओं, कला और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से अल्मोड़ा की ऐतिहासिक और पर्यटन पहचान को एक नई ऊर्जा मिलने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।