अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में महर्षि वाल्मीकि जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वाल्मीकि महासभा पंचायत के तत्वावधान में इस अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
निकाली शोभायात्रा
जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगर के मुख्य बाजारों में शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। आज सोमवार को मालरोड स्थित नगर पालिका पार्किंग के समीप आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के दर्जा राज्य मंत्री एके सिकंदर पवार ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पवार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लोगों से भगवान वाल्मीकि के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
आर्कषक झांकियां निकाली
शोभायात्रा में नगर के विभिन्न क्षेत्रों—राजपुरा, एनटीडी, गणेशी गैर, धारानौला और पातालदेवी—से मनमोहक झांकियां शामिल की गईं। इन झांकियों में बच्चों ने भगवान वाल्मीकि और लव-कुश का मनमोहक रूप धारण कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। यह शोभायात्रा शिखर तिराहे से शुरू होकर मिलन चौक, लाला बाजार, बाटा चौक, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार, जौहरी बाजार, थाना बाजार और पलटन बाजार से होते हुए पूरे नगर में भ्रमण करते हुए संपन्न हुई।
रहे उपस्थित
इस आयोजन में दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, राजपाल पवार, बीना नयाल, भीमा पंवार, दीपक चंदेल, दीपक सैलानी, अजीत पवार, सुरेश परदेशी, विनोद पवार, चंद्रपाल, चंदन भारती, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, किशन कुमार, जसवंत कुमार, दीक्षांत पवार, प्रकाश भट्ट, जगत तिवारी, अमित साह, कैलाश गुरुरानी, आनंद कनवाल और रवि रौतेला समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।