अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत मंगलवार को विकासखंड हवालबाग की न्याय पंचायत सल्ला रौतेला (शीतलखेत) में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने की।
मौके पर हुआ शिकायतों का समाधान
शिविर में क्षेत्र की जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समस्याओं को सीधे सरकार के सम्मुख रखा
इस शिविर में कुल 54 शिकायतें दर्ज की गईं। कैबिनेट मंत्री के निर्देश पर 43 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए 349 आवेदन मौके पर ही भरवाए गए। वहीं कुल 739 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया और संबंधित सामग्री वितरित की गई।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी: “लापरवाही पर होगी कार्रवाई”
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट लहजे में कहा कि सरकारी सेवक का मूल धर्म जनता की सेवा करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के आधार पर किया जाए। यदि किसी शिकायत का समाधान शिविर में होने के बाद वही शिकायत दोबारा किसी पटल पर आती है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कहा “जो लोग जिला मुख्यालय तक पहुँचने में असमर्थ हैं, यह कार्यक्रम उन तक सरकार की योजनाओं को पहुँचाने की एक प्रभावी पहल है। अधिकारियों को जनता की पीड़ा भावनात्मक रूप से जुड़कर सुननी चाहिए।”
योजनाओं का प्रचार-प्रसार
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा जनोपयोगी प्रचार सामग्री भी बांटी गई, ताकि ग्रामीण सरकार की नई योजनाओं से अवगत होकर उनका लाभ उठा सकें।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, परियोजना निदेशक (DRDA) के.एन. तिवारी, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।