अल्मोड़ा: जौलजीबी मेले के दौरान धारचूला के विधायक हरीश सिंह धामी के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
की यह मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इस मामले को जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जुड़ा विषय बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मीडिया को जारी एक बयान में भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि किसी भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याएं उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने उल्लेख किया कि हरीश धामी धारचूला के निर्वाचित विधायक होने के साथ-साथ जौलजीबी मेले की आयोजन समिति के अध्यक्ष भी हैं, इसलिए ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्रीय आयोजन में उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखने और क्षेत्र की समस्याओं को उठाने का अवसर मिलना चाहिए था।
बताई यह समस्याएं
भूपेंद्र भोज के अनुसार, धारचूला और मुनस्यारी जैसे सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं हैं, जिन्हें विधायक मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि यदि विधायक का माइक बंद किया गया और उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिला, तो यह क्षेत्र की जनता की भावनाओं से जुड़ा एक गंभीर विषय है। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को विपक्ष के सवालों से घबराने के बजाय उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों के लिए हमेशा खड़ी रही है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन में संयम और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पालन पर जोर देते हुए मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाए और किसी भी पक्ष के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कोई कार्रवाई न हो।