अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनपद में संचालित घरेलू गैस एजेंसियों के संचालकों, प्रभारियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु एवं निर्बाध बनाए रखने, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है, इसलिए जनपदवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
किया यह स्पष्ट
जिलाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को निर्देशित किया कि बिना बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को गैस सिलेंडर की आपूर्ति न की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके और अनावश्यक भीड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में यह भी बताया गया कि गैस वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पांस दलों (Quick Response Teams) का गठन किया गया है। इन दलों में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा पूर्ति निरीक्षक शामिल रहेंगे, जो समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं की निगरानी रखेंगे।
दिए यह निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियां प्रतिदिन अपने स्टॉक का समुचित रिकॉर्ड संधारित करें तथा आवश्यकतानुसार प्रशासन को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमितता का मामला सामने आता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग कराएं और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है तो वह मैनुअल बुकिंग कराकर संबंधित गोदाम से सिलेंडर प्राप्त कर सकता है।
जारी किए यह नंबर
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनपदवासियों को आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की गैस आपूर्ति संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उक्त विषय से संबंधित किसी भी सूचना देने तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।
रहें उपस्थित
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, सहायक प्रबंधक इंडियन ऑयल गैस रोहित गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत, गैस एजेंसियों के प्रभारी, वितरक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही क्विक रिस्पांस दलों के सदस्य वर्चुअली रूप से जुड़े रहे।