अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याणकारी संस्था की मासिक बैठक आज रविवार को नगर के एक होटल सभागार में आयोजित की गई।
उठाई यह मांगे
इस बैठक में क्षेत्र की तमाम ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की गई और सरकार व स्थानीय प्रशासन से उनके जल्द से जल्द समाधान की मांग उठाई गई। जिसमें संस्था ने मांग की है कि लोअर माल रोड में रोजाना लगने वाले भारी जाम की समस्या से जनता को तुरंत निजात दिलाई जाए। सड़क किनारे आड़े-तिरछे और अवैध रूप से पार्क किए जाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। वहीं सभी प्रमुख सड़क मार्गों पर साइन बोर्ड (संकेत) और गति नियंत्रण बोर्ड (स्पीड लिमिट) लगाए जाएं, ताकि सड़क हादसों पर रोक लग सके।
पेपर लीक पर जताई चिंता
इसके अलावा बल्टा-बिंतोला मोटर मार्ग को नैनी मोटर मार्ग से जोड़ा जाए, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत हो। वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और समस्याओं को देखते हुए आम जनता के लिए कैरोसिन (मिट्टी का तेल) भी उपलब्ध कराया जाए। नगर के बाजारों में आवारा घूम रहे मवेशियों की समस्या का समाधान करते हुए, उन्हें सुरक्षित गौ सदनों में भेजा जाए ताकि राहगीरों और व्यापारियों को परेशानी न हो। स्थानीय मुद्दों के अलावा, संस्था ने राष्ट्रीय स्तर के विषयों पर भी अपनी राय रखी। वक्ताओं ने नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए केंद्र व राज्य सरकारें सख्त कानून व्यवस्था लागू करें ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
रहे मौजूद
इस मासिक बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष जमन सिंह बिष्ट ने की। बैठक में हयात सिंह गैड़ा, राम सिंह बिष्ट, हयात सिंह, एसएस पथनी, आनंद सिंह सतवाल, लक्ष्मण सिंह बोरा, लाल सिंह मेहता, दिवान सिंह बिष्ट, दिवान सिंह सिराड़ी, चंद्रशेखर सिराड़ी, रूप सिंह बिष्ट, जसौत सिंह और गजेंद्र सिंह रावत सहित संस्था के तमाम सदस्य उपस्थित रहे।