अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। स्वर्गीय जगदीश चंद्र तिवारी, जो साप्ताहिक समाचार पत्र रानीखेत टाइम्स के संपादक रहे, उनका दिनांक 3 फरवरी 2024 को निधन हो गया था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई। वे लंबे समय तक निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए समर्पित रहे।
दी इतनी सहायता राशि
स्वर्गीय तिवारी के आश्रित के रूप में उनकी पत्नी कमला तिवारी को आज मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सहायता राशि का डिमांड ड्राफ्ट कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा कमला तिवारी को सौंपा गया। दीपक रावत ने कहा कि इस सहायता से शोक संतप्त परिवार को आर्थिक संबल प्राप्त होगा।
जताया आभार
मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से पत्रकारों के आश्रितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की मानवीय एवं कल्याणकारी सोच को दर्शाता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कमला तिवारी ने इस आर्थिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी तथा जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह का आभार जताया।