अल्मोड़ा: डॉक्टर समेत जिला अस्पताल पहुंचे छह मरीज संक्रमित, दो दिन के भीतर 18 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि

अल्मोड़ा जिले में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। महिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर , तीन वर्षीय बच्चे समेत जिला अस्पताल में उपचार को पहुंचे छह मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। संक्रमित मरीजों को एहतियातन आइसोलेट कर दिया गया है। दो दिन के भीतर 18 मरीज संक्रमित निकलने से अस्पताल कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर के पास ही कोरोना संदिग्ध मरीजों की रैपिड टेस्ट से जांच की जा रही

दरअसल, इन दिनों जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर के पास ही कोरोना संदिग्ध मरीजों की रैपिड टेस्ट से जांच की जा रही है। अस्पताल पहुंच रहे मरीजों की कोरोना जांच की जा रही है। इस दौरान यहां इलाज को पहुंचे 24 मरीजों की रैपिड टेस्ट से कोरोना जांच की गई। जिसमें महिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर समेत जिला अस्पताल पहुंचे छह मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए।

संक्रमित मरीजों को एहतियातन आइसोलेट कर दिया गया

जिला अस्पताल की पीएमएस डॉ. कुसुम लता ने बताया कि संक्रमित मरीजों को एहतियातन आइसोलेट कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अस्पताल में बिना मास्क के प्रवेश न करें।