रानीखेत (अल्मोड़ा): उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में मंगलवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर ग्राम थापला में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दी यह जानकारी
जिसमें तहसील विधिक सेवा समिति रानीखेत की सचिव एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जसमीत कौर के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को कानून और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दौरान सिविल जज जसमीत कौर ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करते हुए कई महत्वपूर्ण अधिनियमों की जानकारी दी। मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम 2017 और क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत चिकित्सा संबंधी अधिकार, कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों के हक, नालसा (NALSA) के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 और कानूनी मदद प्राप्त करने की प्रक्रिया, पॉक्सो अधिनियम, एनडीपीएस (नशा मुक्ति) अधिनियम और पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के बारे में जानकारी दी।
स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण
विधिक जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं, जिनमें मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच, एनीमिया (खून की कमी) और आंखों का परीक्षण, परीक्षण के उपरांत जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
रहे उपस्थित
कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिकार मित्र मोहम्मद वसीम और कंचन आर्या ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर में ग्राम थापला के अनेक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर कानूनी जानकारी और चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
भिकियासैंण में शिविर का आयोजन
तहसील विधिक सेवा समिति भिकियासैंण के अध्यक्ष एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) राजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में यह शिविर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, भिकियासैंण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान सिविल जज राजेन्द्र कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी।