हवालबाग (अल्मोड़ा): पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर ‘प्रवेशोत्सव’ अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) चंदन सिंह बिष्ट, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल और एसएमसी अध्यक्ष रविंद्र सिंह मुस्युनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि चंदन सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रवेशोत्सव के मौके पर विद्यालय आए नव प्रवेशित बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए विशेष भोज का भी आयोजन हुआ।
सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल ने विद्यालय की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय का गत वर्ष का परीक्षाफल 100 प्रतिशत रहा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिवर्ष शैक्षिक भ्रमण, एडवेंचर कैंप, आउट ऑफ स्टेट टूर और हेल्थ कैंप आयोजित किए जाते हैं। विद्यालय में NSS, NCC, स्काउट एंड गाइड के साथ-साथ अत्याधुनिक अटल टिंकरिंग लैब भी संचालित है।
अभिभावकों से आह्वान
एसएमसी अध्यक्ष रविन्द्र सिंह मुस्युनी ने विद्यालय के वातावरण और सुविधाओं की सराहना करते हुए स्थानीय अभिभावकों से अपने बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में यहाँ प्रवेश कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका सुनीता बोरा ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की, जबकि मंच संचालन प्रवक्ता संजय पांडे द्वारा किया गया।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर जितेंद्र पुनेठा, मधन सिंह, डॉ. निर्मल कुमार पंत, धन सिंह धौनी, प्रमोद पांडे, कमलेश जोशी, भगवत सिंह बगडवाल, नवीन वर्मा, हिमांती टम्टा, तृप्ति बोरा, राकेश कुमार, रेखा आर्या समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।