अल्मोड़ा: छूट गए पात्र मतदाताओं को नाम जोड़ने का बड़ा मौका, कल से 10 अक्टूबर तक हर मतदान केंद्र पर लगेंगे विशेष शिविर

​

​अल्मोड़ा: जनपद में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद निर्वाचक नामावली में छूटे नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा।
​

दी यह जानकारी

इस अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए (BLA) और बीएलओ (BLO) के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 08 से 10 अक्टूबर के दौरान संबंधित बीएलओ, बीएजी सदस्य और बीएलए-2 अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। बीएलओ पूर्व की मतदाता सूची से वर्तमान नामावली का मिलान करेंगे, ताकि उन पात्र मतदाताओं की बूथवार सूची बनाई जा सके जिनके नाम छूट गए हैं। शिविर के बाद बीएलओ घर-घर जाकर चिह्नित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे। इस अभियान के तहत पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, बेघर वर्ग, रैन बसेरों तथा श्रमिक बस्तियों के पात्र लोगों के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

​जिले में कुल मतदाताओं का आंकड़ा

​बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 03 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली सौंपी गई। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, अल्मोड़ा जनपद में कुल 4,76,536 मतदाता पंजीकृत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों व राजनीतिक दलों से आपसी समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे।