अल्मोड़ा: नैनीताल बैंक के मैनेजर पर धोखाधड़ी का मुकदमा, ग्राहक के लोन खाते से कर दी लाखों की सेंधमारी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां ‘दि नैनीताल बैंक लिमिटेड’ की शाखा और उसके प्रबंधक (मैनेजर) के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का गंभीर मामला दर्ज हुआ है।

जानें क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत के कड़े रुख और आदेश के बाद आखिरकार पुलिस ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चितई (अल्मोड़ा) के रहने वाले पीड़ित रोहित डालाकोटी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका नैनीताल बैंक की एल.आर. साह रोड शाखा, अल्मोड़ा में एक कैश-क्रेडिट लोन (ऋण) खाता था। खाता अनियमित होने और एनपीए (NPA) घोषित होने पर जब बैंक ने उन्हें नोटिस भेजा, तब उन्होंने अपने खाते की बारीकी से जांच की। खाते की स्टेटमेंट देखने पर पीड़ित के होश उड़ गए। उनके खाते से उनकी बिना सहमति और बिना किसी हस्ताक्षर के ₹2,67,899 (दो लाख सड़सठ हजार आठ सौ निन्यानबे रुपये) की बड़ी रकम ‘टू मार्जिन मनी’ के नाम पर कहीं और ट्रांसफर कर दी गई थी।


​फर्जी वाउचर से खुला बैंक का खेल

​पीड़ित रोहित डालाकोटी के अनुसार‌ जब उन्होंने बैंक से इस ट्रांजैक्शन से जुड़ा वाउचर मांगा, तो साफ हो गया कि बैंक के स्तर पर बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। आरोप है कि इसके बाद भी बैंक अधिकारियों ने उन पर मनमाना ब्याज देने का लगातार दबाव बनाया। पीड़ित ने बैंक प्रबंधन को कानूनी नोटिस भेजा और पुलिस में भी शिकायत की, लेकिन जब पुलिस और बैंक प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो उन्हें मजबूरन अदालत (कोर्ट) की शरण लेनी पड़ी।


​कोर्ट के आदेश पर पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पुलिस को तुरंत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।अल्मोड़ा कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट के आदेश पर नैनीताल बैंक के मैनेजर और संबंधित प्रबंधन के खिलाफ धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।