अल्मोड़ा: कुमाऊं सहकारी संघ में नई कार्यकारिणी का गठन, बबिता मेहरा अध्यक्ष, मीनाक्षी पांडे बनी उपाध्यक्ष

अल्मोड़ा: कुमाऊं सहकारी संघ लिमिटेड की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से निर्विरोध और सौहार्दपूर्ण रही। सभी पदों पर एकल नामांकन दाखिल होने के कारण चुनाव की औपचारिकताओं के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

सर्वसम्मति से चुनी गई टीम

चुनाव परिणाम के अनुसार, बबिता मेहरा को कुमाऊं सहकारी संघ लिमिटेड का अध्यक्ष और मीनाक्षी पांडे को उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया। इनके अलावा, गोपाल सिंह, रविन्द्र खोलिया, आनंद सिंह, पप्पू मेहरा, चंदन सिंह, सुरेन्द्र सिंह भोजक और हयात सिंह को विभिन्न सहकारी समितियों का प्रतिनिधि चुना गया। इस निर्विरोध निर्वाचन को संघ की संगठनात्मक एकजुटता और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष बबिता मेहरा ने जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य कुमाऊं सहकारी संघ को नई ऊँचाइयों पर ले जाना है। संघ के माध्यम से किसानों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना, सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और पारदर्शिता के साथ कार्य करना हमारी प्राथमिकता होगी।”
​उपाध्यक्ष मीनाक्षी पांडे ने भी टीम भावना के साथ काम करने का भरोसा दिलाया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएँ दीं।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी और जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।