अल्मोड़ा: थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महन्त को उनके नवनियुक्ति पर विभिन्न संगठनों ने दी बधाई, आयोजित गोष्ठी में सुनी लोगों की समस्याएं

थाना लमगड़ा के नवनियुक्त थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महन्त द्वारा लमगड़ा क्षेत्र के व्यापार मंडल/ टैक्सी यूनियन,ग्राम प्रधान,जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रीय जनता के साथ थाना लमगड़ा में समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी का आयोजन

गोष्ठी में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महन्त को उनके नवनियुक्ति पर बधाई देते हुए स्वागत किया गया। थानाध्यक्ष लमगड़ा द्वारा क्षेत्र में बेहतर पुलिस व्यवस्था हेतु लोगों से विचार- विमर्श कर उनके सुझाव लिये गये तथा सुझावों पर कार्यवाही हेतु सभी को आश्वस्त किया गया। किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत होने पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही कर पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में सुढृढ़ कानून, शांति व यातायात व्यवस्था हेतु सभी से सहयोग की अपील की गयी, जिसमें सभी ने थाना पुलिस को पूर्ण सहयोग हेतु सहमति जताई गयी।

नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी

थानाध्यक्ष द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरुक करते हुए किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने तथा क्षेत्र में नशा बेचने /गलत काम करने वालों की सूचना पुलिस को देने, पुलिस द्वारा सम्बन्धित व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने हेतु बताया गया। यातायात नियमों/कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर उपस्थित सभी अभिभावकों को अपने नाबालिग बच्चों को बालिग होने तक वाहन चलाने हेतु न देने की अपील की गयी।

उत्तराखंड पुलिस ऐप की दी जानकारी

थानाध्यक्ष लमगड़ा द्वारा उपस्थित जनों को उत्तराखण्ड पुलिस एप, गौरा शक्ति, साईबर अपराध व किराएदार सत्यापन के प्रति जागरुक किया गया तथा उत्तराखण्ड पुलिस हेल्पलाईन नम्बर डायल 112, महिला हेल्प लाईन नंबर 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाईन नम्बर 1930 के सम्बन्ध में जानकारी दी गई।