अल्मोड़ा: बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफान पर नदियां, अलर्ट मोड पर प्रशासन, जारी की यह चेतावनी

अल्मोड़ा:अल्मोड़ा जिले में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। जिससे नदी नाले भी उफान पर है। वहीं भिकियासैंण क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी, नाले और गधेरे उफान पर हैं।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। बारिश के कारण क्षेत्र की प्रमुख नदियों—रामगंगा, गगास और विनोद नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नदियों के जलस्तर को बढ़ता देख प्रशासन भी अलर्ट मोड पर हैं। वहीं रविवार शाम को तटीय इलाकों में मुनादी (ढोल-लाउडस्पीकर से घोषणा) करवाई। प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदियों व गधेरों के पास न जाने की सख्त अपील की है। साथ ही प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों और मुख्य सड़कों पर जेसीबी मशीनें तैनात कर दी हैं, ताकि मार्ग बाधित होते ही उन्हें तुरंत खोलकर यातायात बहाल किया जा सके।