अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखण्ड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाली फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए परगना मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा (धारा-163) लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
62 पदों के लिए होगी लिखित परीक्षा
जानकारी के अनुसार, फार्मासिस्ट के रिक्त 62 पदों पर चयन के लिए यह लिखित परीक्षा सोबन सिंह जीना, राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन में कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग किए जाने की आशंका को देखते हुए प्रभावी निरोधात्मक उपाय किए गए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत निम्नलिखित प्रतिबंध लागू रहेंगे। परीक्षा केंद्र की 100 गज की परिधि में कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडा या धारदार हथियार लेकर नहीं चल सकेगा (सुरक्षा बलों को छोड़कर)। केंद्र के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों और अधिकृत ड्यूटी स्टाफ के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा को प्रभावित करने के उद्देश्य से 5 या उससे अधिक व्यक्ति एक स्थान पर एकत्र नहीं हो सकेंगे। बिना अनुमति के लाउडस्पीकर का प्रयोग या किसी भी प्रकार का भाषण देना पूरी तरह वर्जित होगा। केंद्र के पास ईंट, पत्थर या रोड़े एकत्र करना दंडनीय होगा।
उल्लंघन करने पर होगी जेल
यह आदेश 22 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।