अल्मोड़ा: पुलिस का नशे पर कड़ा एक्शन, सोमेश्वर और चौखुटिया में बंजर जमीनों पर उगी भांग की फसल नष्ट, तस्करों में मचा हडकंप

​
अल्मोड़ा: एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश‌न में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की खेती और नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए अल्मोड़ा पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

पुलिस की कार्यवाही

इसी क्रम में पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर अवैध भांग की खेती को नष्ट किया है। 14 अक्टूबर 2026 को सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में पुलिस ने यह अभियान चलाया। कोतवाली सोमेश्वर के प्रभारी निरीक्षक श्री मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सभा काटली क्षेत्र की बंजर भूमि पर उगी लगभग 04 नाली अवैध भांग की खेती को पूरी तरह नष्ट किया। वहीं, कोतवाली चौखुटिया के प्रभारी निरीक्षक श्री अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ग्राम गोपालगांव, मासी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बंजर भूमि पर फैली लगभग 2.5 नाली अवैध भांग की खेती को जमींदोज किया।

​किया जागरूक

​अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने केवल नष्टीकरण की कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।