अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में एसएसपी देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में सचल न्यायालय वैन के माध्यम से जनमानस को भारत सरकार द्वारा अधिनियमित नये कानूनों में नागरिकों हेतु प्रदत सुरक्षा प्रावधानों के संबंध में जागरूकता अभियान जिले भर में चलाया जा रहा है।
चलाया गया अभियान
इसी क्रम में सचल न्यायालय टीम द्वारा विगत तीन सप्ताह से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों नगर अल्मोड़ा, लमगड़ा, शहरफाटक, जैंती, पेटसाल, बाडेछीना, जागेश्वर, धौलछीना, सोमेश्वर, कोसी, ताकुला, द्वाराहाट, चौखुटिया, भिकियासैण, भतरौजखान, मोहान, मरचूला व दूरस्थ क्षेत्र देघाट, सल्ट में जाकर लोगों को नये कानून भारतीय न्याय संहिता(2023), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता(2023) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (2023) के बारे में जानकारियां देकर उनसे संवाद कर उनके संदेहों/समस्याओं का समाधान किया गया।
दी यह जानकारी
जिसमें जनमानस को भारतीय न्याय संहिता के संबंध में बताया गया कि यह एक प्रमुख कानूनी पहल है, जिसका उद्देश्य न्यायपालिका और न्याय प्रकिया में तेजी व कानूनी प्रक्रिया में पारदर्शिता व दक्षता को बढ़ाना है। नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाना भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों में शामिल हैं। जिसके अन्तर्गत बच्चों और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों व घरेलू हिंसा के जैसे मामलों में त्वरित कार्यवाही और सुरक्षा के बारे में बताया गया। इसी प्रकार से न्यायिक प्रकिया में उनकी भूमिका को बताते हुए भारतीय साक्षी अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारियां देकर नागरिकों को जागरूक किया गया।
सचल न्यायालय पुलिस टीम रहीं शामिल
अपर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह खाती
कानि0 वीरेन्द्र सिंह रिंगवाल
कानि0 सुमित कुमार