अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड ताड़ीखेत के ग्राम वलना की रहने वाली प्रगतिशील महिला कृषक प्रीति पंत को कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सम्मानित किया गया है।
किया सम्मानित
भारत सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्हें यह गौरवशाली सम्मान प्रदान किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड राज्य से एकमात्र महिला कृषक के रूप में उनका चयन हुआ था। मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य ने जानकारी दी कि प्रीति पंत पिछले करीब दो दशकों से कृषि कार्य से जुड़ी हैं। शुरुआत में वे पारंपरिक तरीकों से खेती करती थीं, जिससे उन्हें मनचाहा लाभ नहीं मिल पाता था। हालांकि, लगभग 10-12 साल पहले कृषि विभाग के संपर्क में आने के बाद उन्होंने ‘आत्मा योजना’ के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षणों और भ्रमण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिक खेती की बारीकियां सीखीं और उन्नत तकनीकों को अपने खेतों में आजमाया। कृषि विभाग की ओर से उन्हें उन्नत बीज, फसल सुरक्षा सामग्री और ‘फार्म मशीनरी बैंक’ के जरिए पावर वीडर, चैफ कटर, ब्रश कटर और आटा चक्की जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता उपलब्ध कराई गई।
अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
प्रीति पंत आज के समय में मडुवा, गेहूं, भट्ट, मसूर, मक्का और उड़द के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों और मसालों की भी सफलतापूर्वक खेती कर रही हैं। आधुनिक संसाधनों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उन्होंने न केवल अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि वे क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी एक मिसाल बन चुकी हैं। उनकी इसी लगन और सफलता की कहानी को कृषि विभाग द्वारा भारत सरकार को भेजा गया था, जिसके आधार पर उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया।