अल्मोड़ा: रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता- तमंचा तानकर लूट मचाने वाले 03 लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे, 03 अवैध तमंचे बरामद

नैनीताल: नैनीताल पुलिस ने राहजनी और लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिसमें आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे और लूट की नकदी बरामद हुई है। इस कार्यवाही के साथ एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में गुंडागर्दी करने वालों की जगह सिर्फ जेल में है।

​जानें मामला

​बीते 29 अप्रैल 2026 को मालधन चौड़ निवासी सुरजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि जब वह अपने पुत्र के साथ कार (UK18N-7913) से घर जा रहे थे, तभी हाथीडंगर के पास दो स्कूटियों पर सवार चार युवकों ने उनका पीछा कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उन पर तमंचा तानकर मारपीट की और जेब से 10,000 रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही

​इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे व प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और साक्ष्यों के आधार पर आज (02 मई 2026) आमपोखरा रेंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि जनपद की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के विरुद्ध यह सख्त अभियान जारी रहेगा।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21 वर्ष): निवासी देवीपुर, मालधन चौड़। अनिल बिष्ट (22 वर्ष): निवासी अल्मोड़ा (हाल निवासी काशीपुर)। प्रिंस कुमार (18 वर्ष): निवासी मालधन नंबर 7, रामनगर। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल सामान और हथियार बरामद किए हैं। 03 अवैध तमंचे (315 बोर) घटना में प्रयुक्त स्कूटी 7,200 रुपये नकद।

रहें उपस्थित

सफलतापूर्वक कार्यवाही करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रेम बल्लभ जोशी, विनीत चौहान, कविन्द्र सिंह, प्रयाग कुमार और मेघा चन्द्र शामिल रहे।